Ghansyam Sharma / Thu, Sep 10, 2026 / Post views : 74
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान को सफल एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के साथ उन्हें योजनाओं से जोड़कर लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। इसके लिए ग्राम स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं जनसहभागिता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को दीप प्रज्वलन कर जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने के कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने को कहा गया।
कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को अपने निर्धारित ग्राम पंचायतों का नियमित निरीक्षण करने, योजनाओं की पहुंच का फीडबैक लेने और ग्रामीणों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन