Ghansyam Sharma / Wed, Mar 30, 2022 / Post views : 155
मानस फाउण्डेशन द्वारा किया जा रहा जिले में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविरों का आयोजन
कोंडागांव पत्रिका लुक।
जिला प्रशासन द्वारा जिले में लोगों के मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल एवं मानसिक रोगियों के उपचार हेतु संवेदना कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम को यूनिसेफ द्वारा भी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। जिसके तहत् यूनिसेफ की सहयोगी संस्था मानस फाउण्डेशन द्वारा जिले में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए विभिन्न मानसिक चिकित्सा शिविरों एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मानस फाउण्डेशन द्वारा विशेषतः बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बाल संरक्षण संस्थान तथा आदिम जाति कल्याण विभाग के सहयोग से आदिवासी छात्रावासों एवं स्कूलों में विशेष मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इसके संबंध में मनोरोग विशेषज्ञ उन्नति अरोड़ा ने बताया कि मानस फाउण्डेशन द्वारा बच्चों में मानसिक सबलता एवं उनमें मानसिक स्वास्थ्य हेतु जागरूकता के लिए स्कूलों एवं विशेषतः छात्रावासों में मानसिक जागरूकता शिविर तीन चरणों में आयोजित किये जा रहे हैं। जिसमें प्रथम चरण में मानसिक स्वास्थ्य की आवश्यकता, द्वितीय चरण में बच्चों को विभिन्न व्यवहारों एवं भावनाओं की जानकारी तथा तृतीय चरण में उन्हें पढ़ाई में अच्छे प्रदर्शन के लिए ध्यान, एकाग्रता एवं याददाश्त बढ़ाने के तरीके सिखाए जाते हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि छात्रावास में रहने वाले बच्चे अपने माता-पिता से दूर रहकर अचानक एक नये परिवेश में आ जाते हैं जहां वे अपने परिवार, दोस्तों, रिश्तेदारों को याद किया करते हैं और कई बार इनसे बाहर न आ पाने के कारण अवसादों से ग्रसित हो जाते हैं। ऐसे में उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक प्राणायाम योग एवं खेलों के संबंध में शिविरों के माध्यम से जानकारी दी जाती है ताकि वे अपने अंदर के अवसादों से बच सकें।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि मानस फाउण्डेशन द्वारा हॉफ वे होम तथा जिला अस्पताल में भी मानसिक मरीजों के उपचार हेतु परामर्श एवं चिकित्सा कार्य किये जा रहे हैं। संवेदना के तहत् न सिर्फ स्कूली बच्चों अपितु छात्रावासों के अधीक्षकों को भी मानसिक रूप से बच्चों की देखभाल एवं बच्चों को समस्या होने पर उनके उपचार हेतु प्र्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एएनएम एवं मितानिनों को भी प्रशिक्षण दिया गया है। इसके तहत् मानस फाउण्डेशन द्वारा हैल्पलाईन नम्बर जारी कर आदिवासी छात्रावासी बच्चों को दिया गया है ताकि किसी आवश्यक परिस्थिति में वे हेल्पलाईन के माध्यम से सहयोग प्राप्त कर सकें। इससे बच्चों में अवसादों के कारण बच्चों द्वारा किये जाने वाले आत्महत्या, नशे की लत आदि से बच्चों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत् अब तक 10 स्कूलों एवं छात्रावासों को लक्षित कर उनमें शिविरों का आयोजन किया जा चुका है।
इसके संबंध में मनोरोग विशेषज्ञ ने बताया कि मानस फाउण्डेशन द्वारा कोण्डागांव के साथ संभाग के चार अन्य जिलों कांकेर, नारायणपुर, सुकमा एवं दंतेवाड़ा में भी मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं बच्चों को दी जा रही हैं। कोण्डागांव में संवेदना कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों से लेकर वृद्धों तक सभी के मानसिक स्वास्थ्य हेतु विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। कोण्डागांव के किसी भी व्यक्ति को मानसिक स्वास्थ्य से लेकर किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उनके सहयोग हेतु हेल्पलाईन नम्बर 9303430398 भी जारी किया गया है जिसमे कोई भी सम्पर्क कर सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन