Ghansyam Sharma / Wed, Jun 30, 2021 / Post views : 146
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में युवती से छेड़खानी का मामला सामने आया है. काम कर घर जा रही युवती से सरेराह युवक छेड़खानी कर अश्लील हरकत करने लगा. मामले में युवती ने थाना कोनी में रिपोर्ट लिखाई है, लेकिन अब तक आरोपी पकड़ा नहीं जा सका है. युवती शिकायत लेकर एसपी के पास पहुंची थी.
जानकारी के अनुसार, कोनी क्षेत्र में निजी संस्थान में नौकरी करने वाली युवती काम के बाद शाम को घर लौटते समय सुबोध दुबे नामक युवक बीते 15 दिनों से उसका पीछा कर छेड़खानी कर रहा था. युवती पहले उसकी हरकतों को नजरअंदाज कर आना-जाना कर रही थी, लेकिन 26 जून की शाम वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर जाने के लिए पैदल निकली तो युवक ने रास्ता रोककर उसका हाथ पकड़ते हुए जबरदस्ती साथ चलने को कहने लगा.
युवती ने हाथ छोड़ने के लिए कहने पर वह अश्लील हरकत करने लगा. युवती के शोर मचाने पर लोग एकत्रित होने लगे, जिसके बाद युवक भाग गया. युवक की हरकतों से परेशान होकर युवती ने घटना की रिपोर्ट कोनी थाने में दर्ज कराई. मामले में कोनी थाना में सुबोध दुबे के खिलाफ धारा 354, 354 घ के तहत जुर्म दर्ज कर किया गया है, लेकिन उसे अब तक गिरफ्तार नही किया जा सका है. युवक पर कार्रवाई नहीं होने से दहशतजता युवती ने आज एसपी दफ्तर पहुंचकर आरोपी के जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
युवती से छेड़खानी की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि इस संबंध में संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है. दो दिनों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी. पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन