Ghansyam Sharma / Thu, May 20, 2021 / Post views : 160
रायपुर, टूल किट मामले में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकारवार्ता करके कांग्रेस पर निशाना साधा। कौशिक ने कहा कि, कांग्रेस ने एक गुप्त दस्तावेज अपने कार्यकर्ताओं और समर्थक बुद्धिजीवियों को भेजकर भारत को दुनियाभर में बदनाम करने, देश की छवि को खराब करने के लिए साजिश रची।
कौशिक ने कहा कि ऐसे समय में जब भारत कोविड से लड़ रहा है, कांग्रेस पार्टी भारत से लड़ रही है। टूल किट के बारे में बताने पर अब कांग्रेस बौखलाहट में भाजपा नेताओं पर शिकायत दर्ज करा रही है। इस संबंध में ट्वीट करने पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के खिलाफ शिकायत की गई है। कांग्रेस जो भी करे हम सच कहना नहीं छोड़ सकते। देश के छवि को इस तरह खराब करने और देश के दुश्मनों के हाथ में खेलने की कांग्रेसी साजिश का हर स्तर पर मुकाबला किया जाएगा।
वायरस को बताएं मोदी वायरस
कौशिक ने बताया कि कांग्रेस ने अपने समर्थकों-कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया था कि कोरोना के नए म्युटेन को 'इंडियन स्टेन' कहा जाय। वायरस को 'मोदी वायरस" कहा जाय। कोरोना से दिवंगत हो रहे लोगों के जलते शवों का नाटकीय प्रस्तुतीकरण किया जाए। शव की फोटो लें और उसे विदेशी मीडिया को भेजा जाए। कुंभ को सुपर स्प्रेडर के रूप में प्रस्तुत करना, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों से कुंभ के बारे में बार-बार यह कहलवाया जाय। स्थानीय कार्यकर्ताओं को कहें कि वे कोरोना काल में अस्पतालों, दवाओं, आक्सीजन पर बात करें, फिर लोगों को कांग्रेस से मदद मांगने के लिए कहना। ऐसा करके जिस मरीज को सहायता उपलब्ध कराएं, उसे इंटरनेट मीडिया पर कांग्रेस को धन्यवाद कहलवाएं। सेंट्रल विस्टा को मोदी महल कह कर प्रचारित करना।
मंत्रियों के पत्रों की जानकारी है टूल किट में
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले वैक्सीन को बदनाम किया गया। प्रदेश से लगातार पीएम मोदी और मंत्रियों को जो पत्र लिखे जा रहे हैं, वे सभी इस टूल किट में दर्ज है। हाल के महीनों में इंटरनेट मीडिया में जितना भारत के खिलाफ दुष्प्रचार किया गया है, उनमें से अधिकांश इसी गुप्त दस्तावेज का हिस्सा थे, ऐसा साबित हुआ है।
कौशिक ने कहा कि सत्ता में नहीं रहने पर कांग्रेस ऐसी चीजें करने लगती है, जिसे हम सीधे-सीधे देशद्रोह कह सकते हैं। गलवान और डोकलाम मामले में चीन समर्थक स्टैंड लेने की बात हो या फिर कांग्रेस के नेता द्वारा पाकिस्तान जाकर वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने के लिए सहायता मांगने की। मोदी और भाजपा के विरोध में इस हद तक कोई राजनीतिक पार्टी जा सकती है, यह सोचकर वितृष्णा हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन