Ghansyam Sharma / Wed, Jun 18, 2025 / Post views : 142
पूर्व मंत्री मोहन मारक, केशकाल के पूर्व विधायक संतराम नेताम ने कहा स्कूल बंद कर शराब दुकानें खोल रही विष्णुदेव साय की सरकार
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
भाजपा की विष्णुदेव सरकार ने आदेश पर शिक्षा व्यवस्था में किए जा रहे युक्तियुक्तकरण के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने कोण्डागांव जिला मुख्यालय में उग्र प्रदर्शन किया। शिक्षा न्याय यात्रा के तहत कांग्रेस भवन से रैली निकालकर कार्यकर्ता जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय घेराव के लिए निकले। मगर उमरकोट नाका के पास पुलिस ने बेरिकेट्स लगाकर रैली को रोक दिया, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए।
बेरिकेटिंग तोड़ने की कोशिश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। इस दौरान एक पुलिस कर्मी घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की भी खबर है।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को प्रदर्शन स्थल पर ही सौंपा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि युक्तियुक्तकरण से ग्रामीण अंचलों में शिक्षकों की भारी कमी हो जाएगी, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। कांग्रेस ने इस नीति को जल्द वापस लेने की मांग की है
पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि
तत्कालीन यूपीए सरकार ने शिक्षा के अधिकार कानून के तहत गांव-गांव में स्कूल खोले थे, लेकिन भाजपा सरकार युक्तियुक्तकरण के नाम पर इन्हें बंद कर रही है। 1 : 2 शिक्षक अनुपात को बदलकर 1 : 1 कर दिया गया है, जिससे शिक्षा का स्तर गिरेगा साथ ही हजारों की संख्या में रसोइया ओर स्वीपर बेरोजगार हो जाएंगे। भाजपा का यह निर्णय शिक्षा विरोधी है।
संतराम नेताम, पूर्व विधायक ने कहा—
भाजपा सरकार एक तरफ स्कूल बंद कर रही है, दूसरी तरफ शराब दुकानें खोल रही है। यह उनका असली चेहरा है। यदि युक्तियुक्तकरण वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। यह आन्दोलन आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, पूर्व विधायक संत नेताम, राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम, सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन