Ghansyam Sharma / Tue, Oct 13, 2026 / Post views : 3
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्राओं के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले को लेकर कोण्डागांव में भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला इकाई ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया और कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की जिला प्रभारी उमा शर्मा ने कहा कि छात्राओं से जुड़े गंभीर आरोपों के मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर इस मामले में स्पष्ट रुख नहीं अपनाने का आरोप लगाया।
उमा शर्मा ने प्रियंका गांधी के नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान के मुद्दे पर एक समान रुख होना चाहिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के निलंबन की मांग भी उठाई। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर पुतला दहन किया और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रदर्शन में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक नेताम, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संतोषी देवांगन, दीपेश अरोरा, मनोज जैन, सोनामणि, होलिका नेताम, सुमन शुक्ला, जूही तिवारी, सती बघेल, लक्ष्मी ध्रुव, वर्षा प्रकाश, अनीता नेताम, शैल सेठिया, सूरज नेताम, भगवती नेताम, संतो नाग, यशोदा कश्यप और रामदाई नाग सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन