Ghansyam Sharma / Fri, Oct 9, 2026 / Post views : 59
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में मनरेगा के पूर्व वर्षों के लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों के साथ वर्तमान में स्वीकृत और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान बालिका शौचालय निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण तथा निष्क्रिय बोरवेल के समुचित प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ अविनाश भोई ने अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा निर्धारित जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित तकनीकी अमले के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कार्यस्थलों पर श्रमिकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पात्र ग्रामीण परिवारों को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही एनएमएमएस (नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) के माध्यम से श्रमिकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने और इसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों की विकास योजनाएं दिसंबर तक संतृप्ति आधार पर तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और विकास की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी एवं तकनीकी सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन