Ghansyam Sharma / Fri, Oct 9, 2026 / Post views : 67
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
पोषण माह के अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत चिखलपुटी के आंगनबाड़ी केंद्र में 8 अक्टूबर को आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में समाज और समुदाय के हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की देखभाल और शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं ग्रामीणों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाज, दालों और हरी सब्जियों के उपयोग से पौष्टिक भोजन तैयार करने की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों में कुपोषण की रोकथाम और नियमित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य लीलावती नाग, सरपंच राजेश्वरी सोढ़ी, उपसरपंच सुरेश राम मांझी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन