Ghansyam Sharma / Thu, Oct 29, 2026 / Post views : 3
सुकमा। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना कुकानार क्षेत्र के दुमनपारा और जोंगेरास के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला। संयुक्त टीम ने यहां से दो टिफिन बम, 80 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिंदा कारतूस और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 27 अक्टूबर को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी के दौरान डम्प का पता चला। बरामद टिफिन बम वायर रहित अवस्था में थे।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, डम्प से 5 और 3 किलोग्राम के दो टिफिन आईईडी, 14 जिलेटिन रॉड, 315 बोर के 14 जिंदा कारतूस और 80 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए गए। इसके अलावा 30 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 15 मीटर सेफ्टी फ्यूज, लगभग 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर तथा सात बड़े और सात छोटे बीजीएल कारतूस भी मिले हैं।
तलाशी के दौरान वायरलेस सेट की बैटरी, चार्जर, कैमरा फ्लैश, मैगजीन पाउच, काली वर्दी की पैंट, टी-शर्ट, कमर बेल्ट और अन्य सामग्री भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद एवं विस्फोटक सामग्री के डम्प की तलाश के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। बरामद सामग्री के संबंध में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।..
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन