फरसगांव। पत्रिका लुक
महिलाओं एवं बच्चों के विरूद्ध घटित अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फरसगांव पुलिस ने नाबालिग पीड़िता से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार किया है।
प्रकरण का खुलासा तब हुआ जब 2 अक्टूबर 2025 को पेट दर्द की शिकायत पर पीड़िता को इलाज हेतु अस्पताल लाया गया। जांच में डॉक्टरों ने पीड़िता को आठ माह का गर्भवती बताया। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि 2 दिसम्बर 2024 को सोनाबेड़ा निवासी देवनाथ नेताम (26 वर्ष) ने काम का बहाना बनाकर उसे खेत के पास बुलाया और वहां नाबालिग होने के बावजूद उसके साथ बलात्कार किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कई बार उसने जबरन दुष्कर्म किया। डर के कारण पीड़िता ने परिजनों से घटना छुपाए रखी।
परिजनों की शिकायत पर थाना फरसगांव में अपराध क्रमांक 125/2025 धारा 64(2)(1)(M), 65(1), 351(3) भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव वाय अक्षय कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल एवं एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय सिन्दे के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी को सोनाबेड़ा प्लाटपारा से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। सबूतों के आधार पर उसे 2 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिन्दे, सउनि पिताम्बर, आरक्षक फरसुराम मरकाम, शंकर मरकाम, रतिराम मण्डावी की उल्लेखनीय भूमिका रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन