Ghansyam Sharma / Thu, Aug 13, 2026 / Post views : 83
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से लोगों को बचाने के उद्देश्य से कोण्डागांव पुलिस ने साइबर जागृति अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ विधायक लता उसेंडी ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित बैंक प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों का जागरूक और सतर्क रहना सबसे जरूरी है। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया जाएगा।
एसपी पंकज चंद्रा ने बताया कि यह अभियान पूरे छत्तीसगढ़ में एक साथ शुरू किया गया है। कोण्डागांव में भी अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात चरणों में चलेगा। इसमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, व्यापारी और वित्तीय संस्थानों से जुड़े लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। अंतिम चरण में गांव-गांव चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
अभियान में यूपीआई के जरिए लालच देकर ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर रकम उड़ाने जैसे तरीकों से सावधान रहने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए होने वाली ठगी और ब्लैकमेलिंग से बचाव के उपाय भी बताए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार साइबर ठग सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर अश्लील फोटो या आपत्तिजनक सामग्री भेजने के नाम पर लोगों को ब्लैकमेल कर सकते हैं। इसके अलावा एआई तकनीक से फर्जी अश्लील तस्वीरें तैयार कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने जैसे मामले भी सामने आ रहे हैं। अभियान में लोगों को ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी-पासवर्ड साझा नहीं करने और सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा मजबूत रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन