Ghansyam Sharma / Tue, Jun 3, 2025 / Post views : 192
रायपुर। पत्रिका लुक
प्रदेश में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर उठे राजनीतिक विवाद के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों के हित में उठाया गया है, जिसे लेकर विपक्ष अनावश्यक भ्रम फैला रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “चाहे प्रदर्शन करें या कुछ और, यह विपक्ष का काम है। लेकिन हम बच्चों के भविष्य से समझौता नहीं कर सकते। जब कहीं 180 बच्चों पर 30 शिक्षक हैं और कहीं 300 बच्चों पर एक भी शिक्षक नहीं, तो ऐसे में संतुलन बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में सिर्फ तबादले की राजनीति हुई, लेकिन अब सरकार शिक्षा की वास्तविक जरूरतों पर काम कर रही है। सीएम साय के मुताबिक, प्रदेश में कई ऐसे स्कूल हैं, जहां नाम मात्र के छात्र हैं। “एक ही परिसर में दो प्राइमरी स्कूल चल रहे हैं। एक स्कूल में 5 बच्चे हैं, जिन्हें पास के स्कूल में शिफ्ट किया जा रहा है। क्या यह गलत है?” उन्होंने सवाल उठाया।
'स्कूल बंद नहीं हो रहे, केवल पुनर्गठन'
विपक्ष के इस आरोप पर कि सरकार स्कूल बंद कर रही है, मुख्यमंत्री ने कहा, “यह पूरी तरह अफवाह है। कोई भी स्कूल बंद नहीं किया जा रहा है। यह कदम सिर्फ पुनर्गठन का हिस्सा है ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन्हें अपने घर से दूर जाना पड़ रहा है, केवल वही लोग विरोध कर रहे हैं। “यह फैसला पूरी तरह छात्रों के हित में है, न कि किसी के राजनीतिक लाभ के लिए,” उन्होंने कहा।
शिक्षकों की संख्या पर बोले सीएम
साय ने दावा किया कि प्रदेश में शिक्षकों की स्थिति देश के कई अन्य राज्यों से बेहतर है। “हमारे यहां शिक्षक उपलब्ध हैं, अब जरूरत उन्हें सही जगह लगाने की है। युक्तियुक्तकरण इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन