Ghansyam Sharma / Fri, Apr 18, 2025 / Post views : 184
कबीरधाम । पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के चार होनहार खिलाड़ियों ने नेपाल के पोखरा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग एवं वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्णिम प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त भारतीय खेल संघ द्वारा किया गया था, जिसमें भारत, नेपाल, पाकिस्तान, भूटान, श्रीलंका, बांग्लादेश और म्यांमार के कुल 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारत की ओर से कबीरधाम जिले के सूरज राजपूत, दीपाली सोनी, अभिषेक तिवारी और अनुराग जांगड़े ने भाग लिया और सभी ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
सूरज राजपूत: इंटरनेशनल मिस्टर ओवरऑल का खिताब
बॉडीबिल्डिंग की दुनिया में चर्चित नाम बन चुके सूरज राजपूत ने सात देशों के प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए 'इंटरनेशनल मिस्टर ओवरऑल' का खिताब अपने नाम किया। पूर्व में मिस्टर छत्तीसगढ़ और सीनियर नेशनल चैंपियन रह चुके सूरज, वर्तमान में कवर्धा के "भारत हेल्थ क्लब" में कोच की भूमिका निभा रहे हैं, जहां वे 50 से अधिक युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण देते हैं।
दीपाली सोनी: जिले की पहली महिला अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण विजेता वेटलिफ्टर
76 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली दीपाली सोनी ने कबीरधाम की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला स्वर्ण विजेता बनकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। दीपाली ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह सफर उनके लिए एक सपना पूरा होने जैसा था और अब वह चाहती हैं कि जिले की अन्य बेटियां भी इस राह पर आगे बढ़ें।
अभिषेक तिवारी: सब-जूनियर वर्ग में दमदार प्रदर्शन
67 किलोग्राम वर्ग के सब-जूनियर वेटलिफ्टिंग कैटेगरी में अभिषेक तिवारी ने गोल्ड जीतकर अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण का फल पाया। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे जिले की मेहनत और गुरुजनों के आशीर्वाद का नतीजा है। अनुराग जांगड़े: 14 साल की उम्र में बड़ा कमाल
सिर्फ 14 साल की उम्र में 109 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले अनुराग जांगड़े ने अपनी पहली विदेश यात्रा में ही देश का नाम रौशन किया। उन्होंने अपने कोच सूरज राजपूत को इस सफलता का श्रेय देते हुए कहा कि सूरज सर ने निःस्वार्थ भाव से उन्हें तैयार किया। इन खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय कोच सूरज राजपूत को भी जाता है, जिन्होंने वर्षों से नि:शुल्क प्रशिक्षण देकर जिले के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया है। सूरज ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और खेल मंत्री टंक राम वर्मा का आभार जताते हुए बताया कि आने वाली प्रतियोगिता दुबई में होगी, जिसकी तैयारी वे कवर्धा से ही करेंगे।
sotradprcg
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन