Ghansyam Sharma / Wed, Oct 14, 2026 / Post views : 92
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कोण्डागांव विकासखंड के ग्राम चिलपुटी में बुधवार को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने 1.06 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए नए भवन में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के बीच गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विद्यार्थियों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नए विद्यालय भवन में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को हासिल कर भविष्य उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित हैं, जिनका विद्यार्थियों को लाभ उठाना चाहिए।
विधायक ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए विद्यार्थियों और ग्रामीणों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद विधायक लता उसेंडी एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, दीपेश अरोरा, जनपद पंचायत माकड़ी की अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जनपद पंचायत कोण्डागांव के उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर सहित शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन