Ghansyam Sharma / Thu, Apr 24, 2025 / Post views : 169
रायपुर। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज प्रदेश के छह जिलों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सूरजपुर, धमतरी, बस्तर, कबीरधाम, रायगढ़ और जशपुर जिलों के हितग्राहियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद कर योजना की उपयोगिता और लाभों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा केंद्र गांवों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच आसान बनाएंगे और समय व पैसे दोनों की बचत करेंगे।
मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे मकानों की सूची तैयार कर उन्हें समयबद्ध रूप से पूरा कराने का भी निर्देश दिया।
ग्रामीण हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव
बस्तर जिले की नानगुर पंचायत की श्रीमती सुमनी बघेल ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर माह एक हजार रुपये मिलते हैं, जिसे वह पोस्ट ऑफिस में जमा कर बेटी के लिए लैपटॉप खरीदने के लिए बचा रही हैं। उन्होंने कहा कि अटल सुविधा केंद्र खुलने से अब 18-20 किमी दूर जाकर पैसे निकालने की जरूरत नहीं होगी।
इसी तरह धमतरी जिले की अछोटा गांव की श्रीमती चेतना देवांगन ने बताया कि उन्होंने आज ही केंद्र से दो हजार रुपये निकाले हैं। रायगढ़ की तमनार पंचायत की श्रीमती सुभद्रा साव ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से वे अपनी बेटी को ट्यूशन पढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “आज हमने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जी की एक और गारंटी पूरी की है। अब शासन की योजनाओं से मिलने वाली राशि पंचायत स्तर पर ही मिल सकेगी, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, पंचायत सचिव भीम सिंह, पीएम आवास ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पंचायत प्रतिनिधि वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
सोत्र-dprcg
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन