Ghansyam Sharma / Thu, May 22, 2025 / Post views : 152
अम्बिकापुर में सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री ने की योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश...
अम्बिकापुर। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज और जशपुर जिलों में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहितकारी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने वाले जिलों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनने और टीम भावना से कार्य करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सुशासन तिहार के पहले चरण में प्रदेशभर से लगभग 40 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनका समाधान दूसरे चरण में किया गया। तीसरे चरण में वे स्वयं जिलों का दौरा कर आम जनता से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों व अन्य अधिकारियों से नियमित फील्ड दौरे करने और जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राजस्व मामलों में अनावश्यक तारीखें देने से बचने और अवैध रेत खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मी में पेयजल संकट की स्थिति न बने, तालाबों की रक्षा हो और वर्षा पूर्व किसानों को खाद-बीज की कोई कमी न हो। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सतत निगरानी रखने को कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी और बरसात में मौसमी बीमारियों और सांप काटने की घटनाओं को देखते हुए सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयां और एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
वनाधिकार पट्टों की समीक्षा के लिए उन्होंने राजस्व, वन और आदिवासी विकास विभाग को मिलकर काम करने का निर्देश दिया और अवैध पट्टा धारकों एवं अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही। सीमावर्ती जिलों में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने को भी कहा गया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज सहित कई विधायक व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन