Ghansyam Sharma / Tue, Apr 1, 2025 / Post views : 175
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
कोंडागांव नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल व उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने आज शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर नाली सफाई और कनेरा रोड स्थित पानी टंकी की सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और गर्मी के मौसम में पानी की आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की।
अध्यक्ष नरपति पटेल और नगरपालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी लगातार शहर के वार्डों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिन वार्डों में पानी की समस्या है, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष नरपति पटेल के साथ पार्षद ललित देवांगन, पार्षद नानू सेन, पार्षद संतोष सिंग, नगरपालिका कर्मचारी संतोष साहू, कृष्ण पटेल और हीरा नेताम भी उपस्थित थे। अध्यक्ष ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सफाई कार्य में तेजी लाने और नियमित रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए ताकि शहर में स्वच्छता बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने आसपास सफाई रखें और नगरपालिका के कार्यों में सहयोग करें। गर्मी के मौसम में जल आपूर्ति को लेकर अध्यक्ष ने कहा कि नगरपालिका हर संभव प्रयास कर रही है कि सभी वार्डों में पर्याप्त पानी पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि पानी टंकियों की नियमित सफाई की जा रही है और आवश्यकतानुसार टैंकरों की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने नागरिकों से पानी का सदुपयोग करने की अपील की ताकि सभी को पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सके। इस निरीक्षण से शहर में सफाई और जल आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, जिससे नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन