Ghansyam Sharma / Wed, Sep 17, 2025 / Post views : 219
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत नगर पालिका कोंडागांव ने आज “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” का शुभारंभ किया। यह अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक नगर में संचालित होगा और शहर की हर गली, मोहल्ला और घर तक स्वच्छता का संदेश पहुँचाने का कार्य करेगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसे हमारी संस्कृति व संस्कार का प्रतीक मानना है। नगरवासियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है।
शुभारंभ समारोह का आयोजन विकास नगर स्टेडियम में किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह में स्वच्छता के संकल्प के साथ रैली और श्रमदान कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।
नगर पालिका ने शहरवासियों से अपील की है कि वे भी स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझें और अभियान में सहयोग दें। अभियान के दौरान विशेष रूप से सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, गलियों और पानी की निकासी व्यवस्था की सफाई पर ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा, नागरिकों को कचरा प्रबंधन और कचरा पृथक्करण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
नगर पालिका का कहना है कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों में स्वच्छ जीवन शैली और स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने का माध्यम है। स्वच्छता ही सेवा अभियान का संदेश है —स्वच्छ नगर, स्वस्थ समाज।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन