Ghansyam Sharma / Sat, May 3, 2025 / Post views : 173
कोंडागांव । पत्रिका लुक
कोंडागांव जिले की नव नियुक्त कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना ने शनिवार को ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा का दौरा किया। जिला मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित इस पंचायत में पहुंचने पर सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान
दौरे की शुरुआत में कलेक्टर ने बड़ेकनेरा में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र भवन में पानी की सीपेज की समस्या, आपातकालीन लाइट की अनुपलब्धता, और रुर्बन मिशन योजना के अंतर्गत पांच वर्ष पूर्व प्रदाय की गई एम्बुलेंस की वापसी जैसे मुद्दों को ग्रामवासियों ने उनके समक्ष रखा। इन सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
रुर्बन मिशन से निर्मित डेम का निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर बड़ेकनेरा के वार्ड क्रमांक 08, मुंडागुडा पारा पहुंचीं, जहां उन्होंने रुर्बन मिशन के तहत लगभग 29 लाख रुपये की लागत से निर्मित डेम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डेम से सिंचाई कर रहे स्थानीय किसानों से संवाद किया और उन्हें पारंपरिक फसलों के साथ-साथ फलदार पौधों की खेती को भी अपनाने का सुझाव दिया, जिससे किसानों की आमदनी में वृद्धि हो सके।
सड़क निर्माण की मांग और त्वरित कार्रवाई
मुंडागुडा पारा के निवासियों ने कलेक्टर के समक्ष पारा से मुख्य मार्ग तक पक्की सड़क निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों के अनुसार, दो किलोमीटर की यह कच्ची सड़क वर्षा ऋतु में बुरी स्थिति में आ जाती है। इस पर कलेक्टर महोदया ने तत्क्षण सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि प्रस्ताव बनाकर प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आवास सर्वे का भी लिया जायजा
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने चल रहे आवास सर्वे कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वयं सर्वे स्थल पर पहुंचकर हितग्राहियों से बात की और उनकी पात्रता तथा आवास की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे और सभी आवास आवंटन पारदर्शिता से हों।
उपस्थित रहे
इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ, जिला पंचायत सीईओ, एसडीओ आरईएस, सब इंजीनियर, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं स्वास्थ्य विभाग अधिकारी , सरपंच प्रकाश चुरगिया, उपसरपंच सोहन लाल कश्यप, निर्माण एवं विकास समिति के सभापति गणेश मानिकपुरी, पंच गौतम यादव, नीलधर, श्रीमती भानमती बघेल, आनंद पावर उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन