Ghansyam Sharma / Sat, Aug 30, 2025 / Post views : 195
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव ने शनिवार को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर किसानों की खाद की कमी और जर्जर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 की समस्या को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन की राह अपनाएगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 की समस्या और टोल टैक्स माफी की मांग
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुथराम नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा कि रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 की हालत बेहद खराब है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे कई परिवारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने कहा कि जब तक नेशनल हाइवे की सड़क पूरी तरह दुरुस्त नहीं होती, तब तक मसौरा टोल नाके पर टैक्स की वसूली बंद की जाए और स्थानीय (CG 27) वाहनों को छूट दी जाए। साथ ही कोंडागांव शहर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें तुरंत चालू की जाएं।
किसानों को खाद की किल्लत
दूसरे ज्ञापन में कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को उठाया। पार्टी ने कहा कि जिले में किसानों को खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। खाद ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर बिक रही है।
यूरिया ₹1300 से ₹1400 प्रति बोरी
डीएपी ₹2500 प्रति बोरी
कांग्रेस ने मांग की है कि किसानों को सरकारी दर पर तत्काल खाद उपलब्ध कराया जाए और ब्लैक मार्केटिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
मोहन मरकाम का बयान
प्रदेश कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि "डबल इंजन की सरकार होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जनता अब भी सड़क और खाद की समस्या से जूझ रही है। यदि हमारी मांगे पूरी नहीं हुईं तो कांग्रेस आने वाले समय में उग्र आंदोलन करने पर बाध्य होगी।
देखें वीडियो --
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन