Ghansyam Sharma / Sat, Jun 21, 2025 / Post views : 170
कोंडागांव। पत्रिका लुक
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को नगर के ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। बैठक की मुख्य अतिथि सीपीआई महिला फेडरेशन की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती त्रिशिया झाड़ी रहीं। कार्यक्रम में जगदलपुर जिला सचिव रामू राव मौर्य, राज्य परिषद सचिव तिलक पांडे, जिला सचिव कोंडागांव, शैलेश शुक्ला, सरादु सोढ़ी, लक्ष्मण महावीर, घसिया मरकाम, बिसंबर मरकाम, जय प्रकाश और दिनेश मरकाम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जनहित के मुद्दों को लेकर आगे की लड़ाई पर चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता श्रीमती त्रिशिया झाड़ी ने भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “सीपीआई ही एकमात्र पार्टी है जो जल, जंगल और जमीन की लड़ाई ईमानदारी से लड़ रही है। बाकी दल केवल जनहितैषी होने का नाटक करते हैं। जनता की सेवा नहीं, बल्कि सत्ता के सहारे अपनी तिजोरियां भरना ही इनका मकसद है।” उन्होंने महंगाई और भ्रष्टाचार के लिए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।
जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा
जगदलपुर जिला सचिव रामू राव मौर्य ने कहा कि “सीपीआई लगातार जनहित के मुद्दे उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। चाहे सरकार किसी भी दल की हो, हम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ते आए हैं और लड़ते रहेंगे।”
वहीं, तिलक पांडे जिला सचिव ने कहा कि “बस्तर बदल रहा है, लेकिन यहां के लोगों के हक और हितों के लिए सीपीआई का संघर्ष निरंतर जारी है। हम भले ही बाहुबल में कमजोर हों, लेकिन हमारा हौसला मजबूत है। जल, जंगल, जमीन की लड़ाई हो या सरकारी भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग, स्कूलों को बंद करने और शराब दुकानों को खोलने जैसे मुद्दों पर पार्टी ने हमेशा जनता के पक्ष में आवाज उठाई है।” उन्होंने संगठन के विस्तार और मजबूती पर भी जोर दिया।
नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
बैठक में सभी मंडलों में नए पदाधिकारियों का गठन कर संगठन विस्तार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। साथ ही आगामी आंदोलनों की तैयारी और जनसंवाद बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। जिला स्तरीय बैठक के दौरान बड़ी संख्या में सीपीआई कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन