Ghansyam Sharma / Sat, Aug 30, 2025 / Post views : 178
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन में कोण्डागांव साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। जिले में चलाए गए विशेष अभियान के तहत बीते एक माह में 115 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। इन मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में आईफोन, वनप्लस, सैमसंग, वीवो जैसे महंगे मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए। इस दौरान मोबाइल मालिकों ने बताया कि वे अपने फोन वापसी की उम्मीद खो चुके थे, लेकिन कोण्डागांव पुलिस की मेहनत से उन्हें अपना फोन वापस मिल गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल और उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) सतीष कुमार भार्गव के मार्गदर्शन में कार्यरत टीम ने न सिर्फ कोण्डागांव, बल्कि बस्तर, बीजापुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित अन्य जिलों और सीमावर्ती राज्य उड़ीसा, महाराष्ट्र व तेलंगाना से भी मोबाइल रिकवर किए।
साइबर सेल के गठन से अब तक जिले में 1500 से अधिक गुम मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं, जिनका बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ रुपये आँका गया है।
मोबाइल वितरण के मौके पर पुलिस अधीक्षक ने लोगों को सलाह दी कि मोबाइल उपयोग से पहले उसे रीसेट कर लें और सुरक्षित तरीके से रखें। साथ ही उन्होंने अपील की कि यदि किसी को किसी और का मोबाइल मिलता है तो तुरंत नजदीकी थाने में जमा करें। बिना बिल के मोबाइल खरीदने से भी बचने की हिदायत दी गई।
एसपी ने साइबर अपराध से बचाव के लिए उपस्थित लोगों को जागरूक किया और बताया कि किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
इस अभियान की सफलता में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सागरबती सोरी, लूमन सिंह भंडारी, जितेंद्र मरकाम, चैतराम मरकाम, बीजू यादव, मनोज पोयाम, कृष्णा नेताम, मनीष बोस, मनोज मरकाम, लखुराम मरकाम व रमेश बर्मन की अहम भूमिका रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन