Ghansyam Sharma / Tue, May 6, 2025 / Post views : 177
रायपुर। पत्रिका लुक
राजधानी रायपुर में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम "नगर सुराज संगम" के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों को शहरी विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
उप मुख्यमंत्री साव ने PowerPoint प्रजेंटेशन के माध्यम से अटल विश्वास पत्र के प्रमुख बिंदुओं, नगरीय निकायों की चुनौतियों, नागरिकों की अपेक्षाओं, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, शहरी वानिकी, शहरी परिवहन, कर संग्रहण और सिटी डेव्हलपमेंट प्लान जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने शहर को “घर” समझकर नागरिकों की सेवा करें। “आप शहर के प्रथम नागरिक हैं, आपकी सोच और कार्यशैली ही शहर का भविष्य तय करेगी,” उन्होंने कहा। श्री साव ने विशेष रूप से रेन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर सजगता बरतने की आवश्यकता बताई और शहरी जल आपूर्ति को एक बड़ी चुनौती बताया।
प्रशिक्षण सत्र में साव ने देश-विदेश में अपनाई गई नवाचारों और श्रेष्ठ शहरी प्रथाओं की जानकारी देकर उपस्थित प्रतिनिधियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर कार्य ऐसा हो जो नागरिकों के लिए सुविधाएं बढ़ाए और शहर की पहचान बनाए। कार्यक्रम के दौरान नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने कहा कि यह कार्यशाला नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नगरीय अधिनियमों, योजनाओं और प्रशासनिक ढांचे की जानकारी देने हेतु आयोजित की गई है। उन्होंने इसे संवाद का एक प्रभावी मंच बताते हुए प्रतिभागियों से अपनी जिज्ञासाएं साझा करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर विभाग के संचालक आर. एक्का तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के सीईओ शशांक पाण्डेय भी उपस्थित रहे।
Sotradprcg
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन