Ghansyam Sharma / Thu, Sep 11, 2025 / Post views : 193
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना कार्यालय सेक्टर-3 अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव के आश्रित ग्राम पदेली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को 11 बजे करीब करंट लगने से ढाई साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम छा गया है।
मृतक बच्ची के पिता अंतुराम यादव ने बताया कि रोज की तरह उनकी बेटी आंगनबाड़ी गई थी, लेकिन वहां न तो कार्यकर्ता मौजूद थीं और न ही अन्य बच्चे। कुछ देर बाद बेटे ने आकर बताया कि बहन को करंट लग गया है। परिवारजन तत्काल पहुंचे, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।
सूचना के बाद पुलिस व विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मर्दापाल लाया गया। परिजनों का आरोप है कि वे दोपहर 3 बजे अस्पताल पहुंच गए थे, लेकिन शाम तक कोई डॉक्टर पोस्टमार्टम करने नहीं आया।
बच्ची के पिता, चाचा और बड़की मां सहित अन्य रिश्तेदार अस्पताल के प्रथम तल पर शव को बीच में रखकर बैठे रहे और सुबह का इंतजार करने को मजबूर हो गए। पिता और
चाचा ने भावुक होकर कहा—
“अगर 3:30 बजे ही पोस्टमार्टम हो जाता तो हमारी बच्ची का अंतिम संस्कार भी हो जाता। अब पूरी रात हमें शव के साथ अस्पताल में बैठना पड़ रहा है। यह सिर्फ लापरवाही है। मुझे खुद तकलीफ हो रही है और लगता है कि बच्ची की आत्मा भी दुखी होगी।
इधर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर ने बताया कि उन्हें थाना से फोन आया था कि करंट से बच्ची की मौत हुई है और शव 5 बजे तक पहुंचेगा, लेकिन इसके बाद क्या स्थिति रही, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
ग्रामीणों ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो---
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन