Ghansyam Sharma / Mon, Sep 8, 2025 / Post views : 195
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
माकड़ी ब्लॉक के शासकीय स्कूलों में शिक्षक मनमानी करते हुए नियमों को ताक पर रखकर अपनी सुविधा के अनुरूप स्कूल का संचालन कर रहे हैं। शासन के आदेश के मुताबिक़ जिले के सभी एक पाली स्कूलों में सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नियमित समय तय किया गया है। इसके बावजूद कई शासकीय शालाओं में शनिवार को मनमाने ढंग से समय सारिणी बदलकर सुबह 7:30 बजे से 10 बजे तक कि कक्षाएं लगाई जा रही हैं।
मीडिया टीम द्वारा की गई पड़ताल में खुलासा हुआ कि शनिवार को प्राथमिक शाला हीरावंडी, पूर्व माध्यमिक शाला हीरावंडी, प्राथमिक शाला बड़चौरा हीरावण्डी , प्राथमिक शाला कटियारपारा, अनंतपुर प्राथमिक शाला छमतापुर, पूर्व माध्यमिक शाला क्षमतापुर और बालक आश्रम क्षमतापुर सहित कई स्कूलों में निर्धारित समय से पहले ही सुबह की पाली में पढ़ाई करवाई जा रही थी।
जब इस मामले पर संबंधित शिक्षकों से सवाल किए गए तो उन्होंने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से परहेज़ किया। मीडिया ने बार-बार यह पूछने की कोशिश की, यदि शासन या शिक्षा विभाग ने शनिवार को सुबह 7:30 बजे से स्कूल लगाने का आदेश जारी किया है तो आदेश की प्रति दिखाएं, लेकिन किसी भी शिक्षक ने कोई दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं किया।
इस पूरे प्रकरण पर जब खंड शिक्षा अधिकारी सुखराम देवांगन से फोन पर चर्चा की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा—
"सोमवार से शनिवार तक सभी स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। शनिवार को सुबह 7:30 बजे से स्कूल लगाने का कोई आदेश शासन ने नहीं दिया है।"
खंड शिक्षा अधिकारी ने यह भी बताया कि जिन स्कूलों में नियम विरुद्ध पाली मे परिवर्तन किया गया है, उनके खिलाफ़ कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा और संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन