Ghansyam Sharma / Sun, Jun 1, 2025 / Post views : 185
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कोंडागांव जिले के ग्राम भोंगापाल में आयोजित बुद्ध महोत्सव एवं लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। हेलीपैड पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, एसपी वाय अक्षय कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने भगवान गौतम बुद्ध की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बोधगया से पधारे बौद्ध भिक्षुओं द्वारा मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा संपन्न हुई। मुख्यमंत्री साय ने ऐतिहासिक शिव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
मुख्यमंत्री ने भोंगापाल में "बम्बू राफ्टिंग" केंद्र का शुभारंभ कर महालक्ष्मी महिला समूह को कयाकिंग हेतु नावें प्रदान कीं। साथ ही राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की ‘दुधारू पशु प्रदाय योजना’ का शुभारंभ करते हुए महिलाओं को साहीवाल गायें वितरित कीं। इस योजना से अनुसूचित जनजाति महिलाओं को स्वरोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने 94 करोड़ से अधिक राशि के 51 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें सड़कों, विद्यालय भवनों, पुल-पुलियों, स्वास्थ्य केन्द्रों, कॉलेज भवनों सहित जल जीवन मिशन की योजनाएं शामिल हैं। भोंगापाल में बुद्ध शांति पार्क का शुभारंभ भी किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की अपार संभावनाओं को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने भोंगापाल को 1 करोड़ की पर्यटन विकास राशि तथा बुद्ध महोत्सव के लिए 25 लाख की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बस्तर में शांति और विकास के लिए कटिबद्ध है, और यह डबल इंजन की सरकार की प्राथमिकता है कि यहां के लोगों को बेहतर भविष्य मिले।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक लता उसेंडी, नीलकंठ टेकाम सहित बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी सहित आम जन उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन