Ghansyam Sharma / Tue, Apr 8, 2025 / Post views : 163
नारायणपुर। पत्रिका लुक
नारायणपुर जिले के कुतुल और कैम्प बेड़माकोटी के बीच जंगल क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक हाईवा चालक संतोष पोयम नक्सलियों द्वारा पूर्व से लगाए गए प्रेशर आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक संतोष पोयम पिता चमरू राम पोयम (उम्र लगभग 20 वर्ष), ग्राम सोनाबाल मरूमपारा, जिला कोण्डागांव का निवासी है। वह सड़क निर्माण कार्य के तहत हाईवा वाहन में गिट्टी लेकर कुतुल से पदमकोट की ओर जा रहा था। टेकरी क्षेत्र में वाहन रोककर जैसे ही वह सड़क किनारे पैदल गया, उसी दौरान आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई। घायल को तुरंत नारायणपुर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर रेफर किया गया है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही ग्राम जड्डा-मरकूर के जंगल में फूल झाड़ू तोड़ने गए दो ग्रामीण नक्सली आईईडी की चपेट में आ गए थे, जिसमें एक ग्रामीण की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी तथा दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था।
सुरक्षा बलों ने इस वर्ष अब तक 15 से अधिक आईईडी बरामद किए हैं, और क्षेत्र में सर्चिंग एवं आईईडी डिटेक्शन अभियान लगातार जारी है।
पुलिस अधीक्षक नारायणपुर प्रभात कुमार ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध वस्तु या आईईडी की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आईईडी की जानकारी देने वाले को ₹5,000 तक का इनाम दिया जाएगा, और उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन