Ghansyam Sharma / Thu, May 15, 2025 / Post views : 185
150 से अधिक हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, गांववासियों ने ली जल संरक्षण की शपथ
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
राज्य सरकार के सुशासन तिहार कार्यक्रम के अंतर्गत माकड़ी विकासखंड के ग्राम पंचायत रांधना में बुधवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा क्षेत्र के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान मंत्री देवांगन ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन करते हुए प्राप्त आवेदनों के निवारण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी आवेदनों का पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में कोंडागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी, पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रदमा बघेल, श्रीमती भगवती नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयामा, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एवं एडीएम श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।
150 से अधिक हितग्राहियों को लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 150 से अधिक ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। इनमें शामिल हैं:
खाद्य विभाग द्वारा 55 हितग्राहियों को राशन कार्ड, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 44 को मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम विभाग द्वारा 24 श्रमिकों को पंजीयन कार्ड, समाज कल्याण विभाग द्वारा 1 दिव्यांगजन को व्हीलचेयर, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5 को आवास स्वीकृति पत्र, उद्यानिकी विभाग द्वारा 19 किसानों को सब्जी बीज एवं जैविक खाद, मत्स्य विभाग द्वारा 2 को मछली पकड़ने का जाल प्रदान किया गया।
जल संरक्षण की दिलाई शपथ
मंत्री देवांगन ने ग्रामवासियों को जल संरक्षण का महत्व समझाते हुए प्रत्येक घर में वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) अपनाने तथा जल के अपव्यय को रोकने की सामूहिक शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं विभिन्न जिलों में जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे हैं। सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार सीधे गांवों तक पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुन रही है और समाधान कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के साथ गौरव भी प्राप्त किया है और छत्तीसगढ़ भी विकास के नए आयाम गढ़ रहा है।
विधायक उसेंडी का वक्तव्य
कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के 15 महीनों में गांवों तक योजनाओं की पहुंच में तेजी आई है। सरकार की इस पहल से आमजन को राहत मिली है और शासकीय कार्यों में पारदर्शिता आई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन