Ghansyam Sharma / Fri, Aug 6, 2021 / Post views : 145
रायपुर। नियमितिकरण की मांग को लेकर सालों से आवाज उठा रहे अनियमित कर्मचारी इस मुद्दे पर सरकार द्वारा फिर से समिति के गठन से आक्रोशित है. सरकार के इस कदम के विरोध में अनियमित कर्मचारी 8 अगस्त को जल समाधि लेंगे.
छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गढ़पाले ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2018 के दौरान वर्तमान मुख्यमंत्री, विभिन्न कैबिनेट मंत्री, विधायकों और अन्य जन प्रतिनिधियों ने 10 दिनों में नियमितीकरण का वायदा किया था. इसके अलावा सभी अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने, छंटनी नहीं किये जाने एवं आउटसोर्सिंग बन्द किये जाने के मुद्दे को जन घोषणा पत्र में सम्मिलित किया था.
प्रदेश संयोजक अनिल देवांगन ने कहा है कि 7 चरणों का आंदोलन अनियमित कर्मचारियों द्वारा चालू कर दिया गया है. आर या पार नियमित इस बार के तर्ज पर मुहिम चल रही है, प्रथम चरण में 11 जुलाई को प्रदेश के समस्त जिला मुख्यालय में मशाल रैली निकाली गई और दूसरे चरण में 8 अगस्त से 14 अगस्त तक अगस्त क्रांति सप्ताह मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत 8 अगस्त को अनियमित कर्मी जल समाधि लेंगे.

प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व संयोजक गोपाल प्रसाद साहू ने कहा कि सरकार बने हुए 1000 दिन पूरे होने को है, परन्तु वायदा अनुसार अभी तक अनियमित कर्मचारी के 10 दिन के भीतर नियमितीकरण किये जाने की घोषणा पूरी नहीं हुई है. जिससे अब अनियमित कर्मचारियों का सरकार से मोहभंग हो रहा है.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन