Ghansyam Sharma / Fri, Oct 16, 2026 / Post views : 2
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
स्कूलों में मध्यान्ह भोजन बनाने वाले रसोइयों के लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ स्कूल मध्यान्ह भोजन रसोइया कल्याण संघ ने शुक्रवार को डीएनके मैदान में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद संघ के सदस्यों ने रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने प्रशासन से रसोइयों की मेहनत की कमाई का बकाया मानदेय जल्द जारी करने की मांग की।
संघ के अनुसार, कोण्डागांव और माकड़ी विकासखंड के विभिन्न प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों का जून 2026 से अब तक का मानदेय लंबित है। समय पर मानदेय नहीं मिलने से रसोइयों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने इस समस्या के निराकरण के लिए प्रशासन से तत्काल पहल करने का आग्रह किया।
संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि जून 2026 से लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान किया जाए। इसके अलावा, मोदी गारंटी के अनुसार 50 प्रतिशत मानदेय देने और रसोइयों को कलेक्टर दर पर मानदेय प्रदान करने की मांग भी उठाई गई। संघ ने संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा जिले के सभी रसोइयों को बकाया मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
संघ के जिला अध्यक्ष सगराम मरकाम ने बताया कि रसोइये स्कूलों में मध्यान्ह भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद मानदेय का समय पर भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संघ अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रयास कर रहा है। प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय का जल्द भुगतान करने और अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई है।
संघ ने उम्मीद जताई कि प्रशासन रसोइयों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन