Ghansyam Sharma / Mon, Sep 8, 2025 / Post views : 179
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( मो.शकील सिद्दीकी)
जिले में पिछले दो साल से सक्रिय अंतरराज्यीय चोर गिरोह की करतूतों का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मासूम शेख नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी के दौरान आधुनिक तरीके अपनाता था, यहां तक कि वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल भी करता था।
कैसे हुआ खुलासा?
लोहारपारा निवासी संतोषी गोटी 1 अप्रैल 2023 को घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं। 3 जून को पड़ोसियों से सूचना मिली कि घर का ताला टूटा है। लौटकर देखने पर आलमारी से सोना-चांदी के जेवर और नकदी करीब 1.45 लाख रुपये गायब थे। इसी रिपोर्ट के आधार पर थाना कोण्डागांव में अपराध दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।
आरोपी और उसका तरीका
गिरफ्तार आरोपी मासूम शेख (33 वर्ष), निवासी बंगलागुड़ा, जिला कोरापुट (उड़ीसा) है। वह पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ सुनसान पड़े घरों की रेकी कर ताले तोड़कर चोरी करता था। वारदातों के दौरान टीम वर्क बनाए रखने के लिए वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल किया जाता था।
बरामद माल
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवर, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वॉकी-टॉकी समेत लगभग 4.60 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपी ने चोरी का माल बेचकर कार और बाइक खरीदने की बात भी कबूल की।
पुराने मामलों से जुड़ा धागा
मासूम शेख ने लोहारपारा के अलावा आलबेड़ा पारा, रोजगारी पारा, सरगीपाल पारा और लंजोड़ा गांव में भी चोरी करने की बात स्वीकार की है। उसका एक साथी बाबू शेख इस समय जेल में बंद है, जबकि अन्य आरोपी सदाम मंडल और तोता शेख की तलाश जारी है।
पुलिस की रणनीति
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी व मैदानी जांच कर आरोपी को पकड़ा। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से जिले में हुई कई वारदातों पर विराम लगेगा।
देखें वीडियो
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन