Ghansyam Sharma / Mon, Jun 16, 2025 / Post views : 166
संयुक्त जांच में 36 बसों का हुआ निरीक्षण, चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले में नए शिक्षण सत्र की शुरुआत से पहले विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 14 जून को जिला परिवहन विभाग, यातायात विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त दल द्वारा स्कूल बसों का व्यापक भौतिक निरीक्षण किया गया। यह विशेष जांच अभियान कोण्डागांव जिले के विभिन्न स्कूलों की बसों पर केंद्रित था, जिसमें कुल 36 स्कूल बसों की गहन जांच की गई।
दस्तावेजों और सुरक्षा उपकरणों की जांच
जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैया ने बताया कि वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेजों जैसे फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, परमिट, पंजीयन प्रमाण पत्र, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र एवं मोटरयान कर की वैधता की जांच की गई। साथ ही बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बसों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों की भी समीक्षा की गई। इनमें अग्निशामक यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस डिवाइस और स्पीड लिमिट डिवाइस की स्थिति का परीक्षण शामिल था।
07 बसों में मिली तकनीकी एवं सुरक्षा खामियां
जिला परिवहन अधिकारीअतुल असैया ने बताया कि संयुक्त जांच टीम के दौरान 07 बसों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं। कुछ वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए गए, तो कुछ में सुरक्षा उपकरणों की कमी या खराबी दर्ज की गई। जिला परिवहन विभाग ने ऐसे वाहन स्वामियों को 07 दिनों के भीतर सभी आवश्यक सुधार कर वाहन पुनः निरीक्षण हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समयसीमा में सुधार न होने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
चालक-परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण
जांच अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। इसमें बीपी, शुगर एवं नेत्र परीक्षण शामिल था। परीक्षण के दौरान 03 चालकों की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिन्हें चिकित्सकीय परामर्श के तहत चश्मा लगाने की सलाह दी गई है।
प्रशासन की सतर्कता
जिला प्रशासन द्वारा यह पहल छात्रों की सुरक्षा और स्कूल बसों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण नियमित अंतराल पर किए जाएंगे ताकि परिवहन व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और बच्चों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन