Ghansyam Sharma / Wed, May 28, 2025 / Post views : 194
शहर को मिलेगी दीर्घकालिक जल संकट से राहत
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
कोण्डागांव शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में आज फॉरेस्ट कॉलोनी वार्ड क्रमांक 14 में अमृत मिशन 2.0 जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 810 किलोलीटर क्षमता वाले उच्च स्तरीय जलागार (ओवरहेड टैंक) के निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधिवत सम्पन्न हुआ। इस जलागार की निर्माण लागत ₹1.22 करोड़ (122.45 लाख रुपए) निर्धारित की गई है। इस टंकी से शहर के विभिन्न हिस्सों में बेहतर और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधानसभा की विधायक सुश्री लता उसेण्डी रहीं। अध्यक्षता नगरपालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष नरपति पटेल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगरपालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी, वार्ड पार्षद सुश्री सोनामणी पोयाम, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष कुलवंत सिंह चहल सहित समस्त पार्षदगण तथा नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे और नगर पालिका का पूरा अमला उपस्थित रहा।
तीन दशक तक नहीं होगी जल संकट की चिंता
अपने संबोधन में विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि अमृत जल मिशन योजना के तहत फॉरेस्ट कॉलोनी में निर्मित हो रही यह जल टंकी कोण्डागांव शहर के नागरिकों को अगले 30 वर्षों तक जल संकट से राहत प्रदान करेगी। यह जलागार अन्य टंकियों से भी जुड़ा रहेगा जिससे पूरे शहर में पानी की आपूर्ति अधिक प्रभावी और संतुलित ढंग से की जा सकेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से अमृत मिशन जैसी योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुँच रही हैं और जन-जन को लाभ मिल रहा है।
जनता को मिलेगा प्रत्यक्ष लाभ,अध्यक्ष ने किया आभार व्यक्त
नरपति पटेल अध्यक्ष नगर पालिका व जसकेतु उसेंडी उपाध्यक्ष नगर पालिका ने बताया कि यह जल योजना कोण्डागांव शहर के लिए वरदान साबित होगा, आने वाले 30 वर्षी तक शहर में पानी नहीं होगी। हम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित हमारी कोण्डागांव विधयाक सुश्रीलता उसेंडी को धन्यवाद ज्ञापित करते हैं जिनकी बदौलत आज कार्य हो रहा है।
शहर में 1100 करोड़ की जल परियोजना
नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे ने जानकारी दी कि अमृत मिशन 2.0 के तहत कोण्डागांव शहर में 11 सौ करोड़ की लागत से जल प्रदाय योजना संचालित की जा रही है। अब तक 102 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और आगे भी विस्तार कार्य प्रगति पर है। ओर आज 810 किलोलीटर क्षमता वाले (ओवरहेड टैंक) के निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधायक सुश्री लता उसेंडी के करकमलों से विधिवत सम्पन्न हुआ। इस जलागार की निर्माण लागत 122.45 लाख रुपए हैं।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। निर्माणाधीन जलागार के माध्यम से नगर के अनेक वार्डों को समुचित जल आपूर्ति होगी। यह पूरी परियोजना वर्ष 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन