Ghansyam Sharma / Thu, Sep 4, 2025 / Post views : 188
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
फिर एक बार कांकेर सांसद भोजराज नाग सुर्खियों में आ गए हैं। बुधवार को उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे नल-जल योजना में लापरवाही करने वाले ठेकेदार पर जमकर बरसते हुए नजर आ रहे हैं। सांसद का यह सख्त तेवर फरसगांव ब्लॉक के ग्राम हिर्री दौरे के दौरान सामने आया।
दरअसल, सांसद भोजराज नाग अपने प्रवास में जब हिर्री गांव पहुंचे, तो वहां ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि नल-जल योजना के तहत अब तक उनके घरों में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। ग्रामीणों ने साफ कहा कि योजना का नाम तो बहुत बड़ा है, लेकिन हकीकत में उन्हें पानी की एक बूंद भी नसीब नहीं हो पा रही है। यह सुनते ही सांसद का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार को आड़े हाथों ले लिया।
सांसद ने ठेकेदार को जमकर खरी-खोटी सुनाई और उसे फटकारते हुए कहा कि योजनाओं में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यही नहीं, सांसद ने तत्काल पीएचई विभाग के अधिकारी को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, अन्यथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सांसद भोजराज नाग का यह वीडियो वायरल होते ही लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। आमजन का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि इसी तरह मौके पर जाकर योजनाओं की हकीकत देखेंगे, तो जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारी अपनी मनमानी नहीं कर पाएंगे। वहीं, ग्रामीणों ने सांसद के इस हस्तक्षेप की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है अब नल-जल योजना से पानी की आपूर्ति जल्द ही शुरू होगी।
सांसद का यह सख्त रुख विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के लिए एक सख्त संदेश है कि अब लापरवाही पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
पत्रिका लुक वीडियो की पुष्टि नहीं करता ।
देखें वीडियो--
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन