Ghansyam Sharma / Tue, Sep 2, 2025 / Post views : 183
खेल से मिलेगी प्रतिभाओं को पहचान, बस्तर बनेगा खेलों का हब : सांसद कश्यप
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( सरला यादव)
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने मंगलवार को जिला मुख्यालय के कनेरा रोड स्थित ऑडिटोरियम में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता ने उन्हें पहचान दिलाई और संगठन से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन, अनुच्छेद 370 की समाप्ति और माओवाद उन्मूलन जैसे कदम उठाकर देश को नई दिशा दी है। बस्तर लंबे समय से नक्सल समस्या से प्रभावित रहा, लेकिन अब गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया था और उम्मीद है कि सांसद खेल महोत्सव में इससे भी अधिक लोग शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने भी बस्तर ओलंपिक की सराहना की थी। मलखंब, हॉकी, जूडो, तीरंदाजी जैसे खेलों से यहां के बच्चों ने क्षेत्र को नई पहचान दिलाई है।
कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री का नारा है “खेलोगे तो खिलोगे”। महोत्सव के लिए पंजीयन प्रक्रिया 20 सितम्बर तक चलेगी। खेल आयोजन तीन चरणों में होगा—ग्रामीण स्तर (21 सितम्बर से 21 अक्टूबर), विधानसभा स्तर (22 अक्टूबर से 22 नवम्बर) और लोकसभा स्तर (23 से 25 दिसम्बर, जगदलपुर)। इसमें पुरुष व महिला तीन आयु वर्ग—18 वर्ष तक, 18 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक—के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
सांसद ने विद्यार्थियों से कहा कि खेल जीवन को संवारने का अवसर देता है। खेलों से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सेवक राम नेताम ने भी खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल से टीम भावना और अनुशासन विकसित होता है। इस अवसर पर खेम नेताम, सुमन शुक्ला, सोनाबती नेताम, लक्ष्मी ध्रुव, सुषमा खोब्रागड़े, सती बघेल, प्रवीण राय सहित अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन