Ghansyam Sharma / Mon, Sep 8, 2025 / Post views : 159
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
फरसगांव स्थित आदर्श विद्यालय में सोमवार को विधानसभा स्तरीय ‘मेरा लक्ष्य मेरा अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि वन मंत्री केदार कश्यप तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने की।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य तय कर उसकी प्राप्ति हेतु प्रेरित करना था। कार्यक्रम में लगभग 4,000 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें कक्षा 11वीं के 3 हजार और महाविद्यालय के प्रथम वर्ष के करीब 1 हजार छात्र मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि “बस्तर क्षेत्र की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य नक्सलवाद के खात्मे की ओर बढ़ रहा है, जिससे विकास और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में नई ऊर्जा आएगी।
उन्होंने युवाओं को धैर्य, एकाग्रता और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि “कक्षा 11वीं और कॉलेज प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाना इस आयोजन की विशेषता है, ताकि वे अतिथियों की जीवन यात्रा से प्रेरणा लेकर अपने भविष्य की राह चुन सकें।”
कार्यक्रम में बस्तर के प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें पद्मश्री सम्मानित काष्ठकला विशेषज्ञ अजय मंडावी, पर्वतारोहिणी नैना सिंह धाकड़, प्रख्यात कृषक डॉ. राजाराम त्रिपाठी, और सोशल मीडिया क्षेत्र की सीजी मास्टर टीम शामिल रहे।
इस अवसर पर कांकेर विधायक आशाराम नेताम, डीआईजी कमललोचन कश्यप, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं जनपद/नगर पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन