Ghansyam Sharma / Mon, Sep 8, 2025 / Post views : 182
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ, जिला इकाई कोंडागांव के 581 संविदा कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के 22वें दिन आज भी डटे रहे। कर्मचारियों ने DNK कॉलोनी धरना स्थल पर प्रदर्शन कर शासन से अपने परिवार की रोटी की सुरक्षा और सेवा के बदले सम्मानजनक वेतन की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि हम मानव सेवा से जुड़े हैं और नहीं चाहते कि किसी भी परिवार को नुकसान हो, लेकिन सरकार हमें और हमारे परिवार को सम्मानजनक जीवन जीने योग्य वेतन नहीं दे रही। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 27% वेतन वृद्धि की घोषणा की थी और बजट में प्रावधान भी किया था, लेकिन लाभ नहीं दिया गया। भाजपा सरकार ने भी सत्ता में आने से पहले नियमितीकरण और लंबित वेतन वृद्धि का वादा किया था, परंतु आज तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
कर्मचारियों ने बताया कि अब तक संघ की ओर से 160 बार आवेदन और निवेदन दिए जा चुके हैं, बावजूद इसके न तो कोई समिति की रिपोर्ट आई और न ही कोई आदेश जारी हुआ।
संघ का स्पष्ट कहना है कि जब तक लिखित आदेश नहीं मिलता और सेवा के बदले सम्मानजनक वेतन एवं रोटी की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन