Ghansyam Sharma / Sun, Jul 26, 2026 / Post views : 11
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शासकीय विद्यालय श्यामपुर में देशभक्ति एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यालय से श्यामपुर बस स्टैंड तक तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को शहीदों के बलिदान का स्मरण कराया। रैली का समापन पुनः विद्यालय परिसर में हुआ।
विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर रंगारंग कार्यक्रम तथा कारगिल युद्ध पर आधारित कविताओं का पाठ कर वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कारगिल युद्ध के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय सेना के वीर जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की और अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सदस्य अंगद राम पटेल थे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत श्यामपुर के सरपंच देवेंद्र मरकाम, विद्यालय के प्राचार्य श्यामलाल नेताम, सीएससी श्यामपुर के अमिताभ मिश्रा, सीएससी म्हारा गांव के रामदेव कौशिक, शिक्षक घनश्याम यादव, कार्यक्रम के आयोजक राजेश नेताम, शिक्षक रविंद्र गावड़े, मुस्कान गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन