Ghansyam Sharma / Thu, Jul 23, 2026 / Post views : 13
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर केशकाल पुलिस ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रंगोली, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चंद्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी अरुण नेताम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 50 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने रंगोली, चित्रकला और निबंध के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, उनके योगदान और राष्ट्रीय एकता के संदेश को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी, राज किशोर राठी, जनपद सदस्य हिडमो कुंजाम, राजकुमारी, पार्षद भूपेश चंद्राकर, पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय, विद्यालय के प्राचार्य राकेश विश्वकर्मा सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और रचनात्मक सोच विकसित करने वाला बताया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी विकास बघेल ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में निबंध लेखन में शालिनी निर्मलकर, चित्रकला में प्रतिज्ञा मंडावी तथा रंगोली प्रतियोगिता में नादिया एवं मालती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। केशकाल पुलिस ने भविष्य में भी जनजागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन