Ghansyam Sharma / Thu, Jul 23, 2026 / Post views : 224
फरसगांव। पत्रिका लुक
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फरसगांव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर में युवाओं व छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में फरसगांव बस स्टैंड में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की निंदा की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय लागड़े ने कहा कि जंतर-मंतर में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं और छात्रों पर कथित रूप से बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित अन्य कांग्रेस नेता युवाओं की आवाज़ बुलंद करने और उनका समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री आवास के सामने धरना दे रहे थे। इस दौरान पुलिस द्वारा उनके साथ भी बल प्रयोग और अभद्र व्यवहार किया गया, जो लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि युवाओं व छात्रों की आवाज़ को दबाने का प्रयास किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है तथा इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन