Ghansyam Sharma / Fri, Sep 19, 2025 / Post views : 185
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( नरेंद्र सेठिया)
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किरण चतुर्वेदी ने केशकाल मुख्य सड़क की खस्ताहाल स्थिति पर स्वतः संज्ञान लिया था। संबंधित विभागों से जवाब तलब किया गया, लेकिन संबधित विभाग के द्वारा सड़क संबधित जानकारी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद न्यायालय ने अधिवक्ताओं की एक विशेष टीम गठित कर मौके मुआयना कर जांच सौपेगी।
निरीक्षण टीम की संरचना
इस निरीक्षण टीम में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपक ठाकुर और वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल दीक्षित को शामिल किया गया। दोनों अधिवक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अधिकृत हैं और न्यायालय के निर्देशानुसार प्रत्यक्ष निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे। टीम का उद्देश्य केवल सड़क की तकनीकी स्थिति देखना ही नहीं बल्कि स्थानीय निवासियों, वाहन चालकों, दुकानदारों और दैनिक आवागमन करने वाले आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं को प्रतिवेदन में शामिल करना भी है।
निरीक्षण की कार्यवाही
शुक्रवार को अधिवक्ताओं का दल केशकाल पहुँचा। टीम ने व्यवहार न्यायालय से लेकर जनपद पंचायत कार्यालय, बस स्टैण्ड और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क का बारीकी से निरीक्षण किया। जगह-जगह गहरे गड्ढे, क्षतिग्रस्त डामर और जलजमाव की स्थिति दर्ज की गई। बस स्टैण्ड क्षेत्र में धूल से लोग परेशान दिखे, वहीं स्वास्थ्य केंद्र के पास सड़क की खराबी के कारण मरीजों को ले जाने वाली एम्बुलेंस तक को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
टीम ने मौके पर मौजूद आम नागरिकों से बातचीत कर उनके बयान भी नोट किए। नागरिकों ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। धूल से भी कई बीमारियां हो रही है जिसके लिए रायपुर जाकर इलाज करना पड़ रहा है साथ स्कूली बच्चों को सुरक्षित आना-जाना मुश्किल हो गया है।
आगे की कार्रवाई
निरीक्षण पूर्ण होने के बाद अधिवक्ताओं की यह टीम विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सौंपेगी। यह रिपोर्ट आगे सड़क मरम्मत और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को तय करने में अहम भूमिका निभाएगी
देखें वीडियो
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन