Ghansyam Sharma / Mon, Mar 31, 2025 / Post views : 174
जशपुर । पत्रिका लुक
पत्थलगांव नगर पंचायत के लंजियापारा में स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर एक बार फिर स्थानीय नागरिकों, खासकर महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने सोमवार को शराब दुकान के सामने धरना दिया और दुकान के अंदर मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकलने से रोकते हुए तालाबंदी कर दी।
पहले भी हुआ है प्रदर्शन
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले भी वार्डवासियों ने इसी मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी लगातार यह मांग कर रहे हैं कि शराब दुकान को आवासीय क्षेत्र से हटाया जाए, क्योंकि इससे आसपास के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं को झेलनी पड़ रही दिक्कतें
इस आंदोलन में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान के चलते क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को असुरक्षा की भावना बनी रहती है।
मौके पर पहुंचा प्रशासन
शराब दुकान पर हो रहे विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी दुकान को वहां से हटाने की अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
क्या कहते हैं स्थानीय लोग?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द इस मामले में ठोस कदम उठाना चाहिए, अन्यथा विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा।
स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन