Ghansyam Sharma / Tue, Apr 22, 2025 / Post views : 174
रायपुर। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार गर्मी के मौसम में उत्पन्न हो रहे पेयजल संकट से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है और नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि 86 मोबाइल यूनिट्स के माध्यम से अब तक 11,238 हैंडपंपों की मरम्मत पूरी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने मंत्रालय महानदी भवन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक ली। इसमें जल जीवन मिशन, भूजल स्तर, जल संरक्षण और सरगुजा में मुख्य अभियंता कार्यालय स्थापना जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि “सुशासन तिहार” में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा जल जीवन मिशन के शेष कार्यों को तय समय में पूर्ण किया जाए।
मुख्यमंत्री साय ने भूजल संकट से प्रभावित 6 जिलों के 10 विकासखंडों को चिन्हित कर, अल्पकालिक और दीर्घकालिक योजनाओं के तहत समाधान करने की बात कही। रिचार्ज पिट और वर्षा जल संचयन तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ ही, अनियंत्रित भूजल दोहन पर भी सख्ती के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि जल जीवन का आधार है, अतः इसके संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद अब्दुल कैसर हक, संचालक जल जीवन मिशन जितेंद्र शुक्ला सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन