Ghansyam Sharma / Mon, Oct 18, 2021 / Post views : 161
राज्य स्तरीय एवं स्थानीय कवियों ने अपनी रचनाओं से लोगों को किया अभिभूत
कोंडागांव। शिल्प नगरी में आयोजित कोंडानार हस्तशिल्प महोत्सव में रविवार को कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में कवियों द्वारा हिंदी एवं स्थानीय हल्बी भाषा में कविताओं का पाठ कर लोगों को अभिभूत किया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम भी पहुंचे थे। इस कवि सम्मेलन में नारायणपुर बीजापुर कांकेर से आए कवियों ने अपनी कविताओं का पाठ किया। 
17 वर्षीय अनिल यादव ने वीर रस की कविता का किया पाठ
इस आयोजन में हर आयु वर्ग के कवियों ने हिस्सा लिया। जहां वयोवृद्ध बनऊराम नाथ ने अपनी रचना द्वारा बस्तर की सांस्कृतिक परिदृश्य को उजागर किया वहीं 17 वर्षीय अनिल यादव ने सीमा पर देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों की महिमामंडन करते हुए वीर रस से भरपूर कविता सुनाई। वही जिले के कवि विश्वनाथ देवांगन ने कोण्डागांव की सुंदरता को बताती हल्बी भाषा की कविता आमचो कोण्डागांव कितरो सुंदर के द्वारा लोगों को आनंदित किया। इस सम्मेलन में देशवती पटेल, नलिनी वाजपेयी, रश्मि अग्निहोत्री, बरखा भाटिया जैसी विद्वान कवयित्रियों ने भी अपनी मनोरम कविताओं का पाठन किया। 
इस सम्मेलन में शिव कुमार पांडे द्वारा बस्तर की लोक संस्कृति को उजागर करने के साथ नलिनी वाजपेयी द्वारा पर्यावरण को परिवार का हिस्सा बताते हुए इसके रक्षण को प्रेरित किया। वही पुरुषोत्तम चंद्राकर ने बस्तर के इतिहास में भूमकाल के महत्व को याद करते हुए वीरों को नमन किया। इसके अतिरिक्त इस अवसर पर सुभाष चंद्र जगदलपुरिया, गुप्तेश्वर बघेल, राजेश गंधर्व, संतोष श्रीवास्तव, रोहित सिन्हा, घनश्याम सिंह नाग, हरेंद्र यादव, यशवंत गौतम, श्रवण मानिकपुरी, गणेश मानिकपुरी, गिरिजा निषाद खिरेंद्र यादव, पुरुषोत्तम पोयाम, जय लाल देवांगन अनिल यादव, हितेंद्र श्रीवास, स्वपन बोष जैसी कवियों ने अपनी कविताओं का पाठ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जिले के नागरिक कविताओं का आनंद लेने पहुंचे थे।

इस दौरान लोगों ने कवि सम्मेलन का आनंद लेने के साथ शिल्पियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प कला कृतियों का भी अवलोकन किया। हस्तशिल्प महोत्सव में 19 अक्टूबर को जगदलपुर आर्केस्ट्रा, 20 अक्टूबर को ज्वेलरी लॉन्च एवं ट्राइबल फैशन शो, 23 अक्टूबर को चांवरा स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा नृत्य प्रस्तुति एवं 24 अक्टूबर को प्रमाण पत्र वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। वही 18, 21 एवं 22 अक्टूबर को ओपन स्टेज रखा जाएगा। जहां पर कोई भी व्यक्ति आकर अपनी प्रतिभा का मंचन कर सकता है। इसके लिए वे शिल्पनगरी में स्थित रजिस्ट्रेशन काउंटर पर जाकर अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से मोबाइल नंबर 94064544 01 पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन