Ghansyam Sharma / Tue, Jun 3, 2025 / Post views : 187
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
मां दंतेश्वरी क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर 2025 का भव्य समापन समारोह दिनांक 03 जून 2025, सोमवार को स्थानीय विकास नगर स्टेडियम में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, प्रशिक्षकगण, प्रशिक्षु खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि यह 12 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 16 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण में खिलाड़ियों को क्रिकेट के तकनीकी, शारीरिक एवं मानसिक पक्षों पर विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों में शामिल रहे मध्यप्रदेश रणजी ट्रॉफी टीम के पूर्व खिलाड़ी व भिलाई निवासी ऋषि अहीर, कोंडागांव के अनुभवी प्रशिक्षक सुरंजन आचार्य, महेंद्र यदु एवं बी. जान ने खिलाड़ियों को बारीकियों से प्रशिक्षित किया।
समापन समारोह के अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक ऋषि अहीर को एक विशेष विदाई समारोह में स्थानीय लौह हस्तशिल्प निर्मित मोमेंटो, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले के जाने-माने फुटबॉल खिलाड़ी ओमोल बोसु राय, अनूप विश्वास, संजय राठौर, नंदलाल पटेल, सहदेव शाहा आदि ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में इस शिविर की उपयोगिता व सकारात्मक प्रभाव पर प्रकाश डाला।
मुख्य प्रशिक्षक ऋषि अहीर ने अपने भावुक उद्बोधन में कहा कि कोंडागांव में हुआ यह प्रशिक्षण शिविर उन्हें सदैव स्मरण रहेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जब भी वे इस क्षेत्र से गुजरेंगे, तब वे प्रशिक्षुओं से संपर्क कर उनके प्रदर्शन की प्रगति का फीडबैक अवश्य लेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वे वर्तमान में एनएमडीसी बचेली की क्रिकेट टीम को शासन की योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण दे रहे हैं। कार्यक्रम का कुशल संचालन ब्रजेश तिवारी द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन हितेंद्र श्रीवास ने प्रस्तुत किया। अंत में प्रशिक्षुओं की ओर से मानव ने सभी प्रशिक्षणों को अमल में लाने की प्रतिबद्धता जताई और उन्हें भविष्य में कनिष्ठ खिलाड़ियों के साथ साझा करने का संकल्प भी लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन