Ghansyam Sharma / Mon, Jun 23, 2025 / Post views : 166
बीजापुर। पत्रिका लुक (अनिल जंगम )
बीजापुर के प्रतिभाशाली युवा पत्रकार भरत दुर्गम(विहान) ने अपने जन्मदिन को एक अनूठे तरीके से मनाया। रविवार को उन्होंने न केवल जीवन बचाने के लिए रक्तदान किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पौधारोपण भी किया। सोशल मीडिया प्रभावक के रूप में भी प्रसिद्ध भरत दुर्गम (विहान) पिछले छह वर्षों से अपने जन्मदिन पर रक्तदान की परंपरा निभा रहे हैं। वे हर साल अपने निवास स्थान के निकटतम सरकारी या निजी अस्पताल में जाकर रक्तदान करते हैं। इसके साथ ही वे पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए पौधारोपण भी करते हैं। इस वर्ष भी उन्होंने अपने जन्मदिन पर बीजापुर जिला चिकित्सालय में स्वेच्छा से रक्तदान किया। भरत दुर्गम (विहान) ने बताया कि यह उनका 16 वां रक्तदान है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले वे अपने इस कार्य को सार्वजनिक नहीं करते थे, लेकिन इस बार मित्रों और परिजनों के आग्रह पर उन्होंने रक्तदान की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। उनका उद्देश्य है कि इससे प्रेरित होकर अन्य युवा भी इस मानवीय कार्य में भाग लें। भरत विहान दुर्गम ने बताया कि लगभग छह वर्ष पूर्व उन्हें यह विचार आया कि जब रक्तदान से किसी की जान बच सकती है, तो क्यों न जन्मदिन को इस अर्थपूर्ण तरीके से मनाया जाए। उनका मानना है कि रक्तदान सबसे महान दान है, क्योंकि यह समय पर किसी मरीज के जीवन की रक्षा कर सकता है। रक्तदान और पौधारोपण के अतिरिक्त, भरत दुर्गम अनाथालयों और गरीब बच्चों के लिए वस्त्र वितरण जैसे सामाजिक कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार जन्मदिन मनाने से उन्हें अपार संतोष की अनुभूति होती है। समाज सेवी पत्रकार भरत दुर्गम (विहान) की इस सराहनीय पहल की समाज के विभिन्न वर्गों ने प्रशंसा की है। उल्लेखनीय है कि भरत दुर्गम, जिन्हें लोग प्यार से विहान दुर्गम कहते हैं, बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक स्थित आवापल्ली के निवासी हैं। युवा अवस्था में ही उन्होंने बीजापुर में एक प्रमुख पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बनाई है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 2023 में 'मिस्टर बीजापुर' का प्रतिष्ठित खिताब भी जीता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन