Ghansyam Sharma / Thu, Jul 17, 2025 / Post views : 167
कोण्डागांव।पत्रिका लुक
जिला परिवहन विभाग कोण्डागांव द्वारा जिले में प्रदूषण जांच केन्द्र खोले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैया ने बताया कि परिवहन मुख्यालय रायपुर से कोण्डागांव जिले को 5 प्रदूषण जांच केन्द्रों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय ने इच्छुक आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
प्रदूषण जांच केन्द्र खोलने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हाई स्कूल या हायर सेकंडरी उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही केन्द्र संचालन हेतु आवेदक स्वयं या उसके द्वारा नियुक्त ऑपरेटर के पास मान्यता प्राप्त आईटीआई संस्थान से डीजल मैकेनिक या मैकेनिकल ट्रेड में उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र होना आवश्यक है।
इस योजना के तहत जिले के पेट्रोल पंप संचालकों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है। आवेदन शुल्क ₹300 निर्धारित किया गया है, जिसे जमा कर इच्छुक व्यक्ति कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
प्रदूषण जांच केन्द्रों की स्थापना से जहां जिले में प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, वहीं स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार का अवसर भी प्राप्त होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी और नियमों की जानकारी हेतु आवेदक कार्यालयीन समय में जिला परिवहन कार्यालय कोण्डागांव (पुराना कलेक्टर कार्यालय भवन, प्रथम तल) में संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन