Ghansyam Sharma / Wed, Aug 13, 2025 / Post views : 156
गणेश मानिकपुरी ने उठाए सवाल
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
जिला के ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा के निर्माण एवं विकास समिति के सभापति गणेश मानिकपुरी ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों पर एम्बुलेंस हेराफेरी का गंभीर आरोप लगाया है।
मानिकपुरी के अनुसार, बड़ेकनेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय रूर्बन मिशन योजना के तहत एक एम्बुलेंस दी गई थी। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व आरटीओ पंजीयन और इंश्योरेंस के नाम पर यह एम्बुलेंस सीएमएचओ कार्यालय, कोण्डागांव में जमा करवाई गई। इसके बाद लगातार अधिकारियों से गोलमोल जवाब मिलते रहे।
अगस्त 2025 में अचानक वही एम्बुलेंस नंबर प्लेट लगाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव को दे दी गई। मानिकपुरी ने सवाल उठाया कि यदि यह वाहन 2019-20 में खरीदी गई थी तो इसका आरटीओ पंजीयन और इंश्योरेंस 2025 में कैसे हुआ? क्या यह पहले ही हो चुका था और जनता को गुमराह किया गया?
उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन से बड़ेकनेरा का नाम स्टीकर लगाकर मिटा दिया गया और पहचान छिपाने की कोशिश की गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने फरसगांव अस्पताल में जांच की, जहां वही एम्बुलेंस नए नंबर और स्टीकर के साथ खड़ी मिली।
मानिकपुरी ने इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच और एम्बुलेंस को बड़ेकनेरा पीएचसी में वापस लाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के बीच इस तरह की अनियमितताएं जनहित के साथ धोखा हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन