Ghansyam Sharma / Fri, Oct 9, 2026 / Post views : 36
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
जिले के स्वास्थ्य विभाग की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) में 32 दिनों तक चले उपचार के बाद गंभीर रूप से बीमार नवजात बालिका स्वस्थ होकर अपने माता-पिता के साथ घर लौट गई। यह सफलता चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्राम ओंडाकापार, विश्रामपुरी निवासी बिराजो मरकाम और जेठूराम मरकाम की बालिका का जन्म 06 सितंबर 2026 को हुआ था। जन्म के तुरंत बाद उसकी स्थिति गंभीर हो गई। बालिका को सांस लेने में परेशानी, शरीर में ऑक्सीजन की कमी, हाइपोथर्मिया, शॉक और मेकोनियम एस्पिरेशन जैसी जटिलताएं थीं। इसके बाद उसे तत्काल SNCU में भर्ती कराया गया।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रुद्र कश्यप एवं डॉ. राजेश बघेल की देखरेख में उपचार शुरू किया गया। बालिका को तीन दिनों तक CPAP और 12 दिनों तक वेंटिलेशन सपोर्ट दिया गया। संक्रमण के उपचार के लिए एंटीबायोटिक दवाएं दी गईं तथा दो बार रक्त चढ़ाया गया। लगातार निगरानी और बेहतर चिकित्सा से उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ।
इसके बाद कंगारू मदर केयर (KMC) के माध्यम से भी देखभाल की गई। मां को नवजात की उचित देखभाल और सावधानियों की जानकारी दी गई।
लगातार 32 दिनों के उपचार के बाद 07 अक्टूबर को बालिका को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के निर्देशन में मिली यह सफलता जिले की नवजात स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सकीय टीम के समन्वित प्रयासों का उदाहरण है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन