Ghansyam Sharma / Fri, Oct 17, 2025 / Post views : 158
2022-23 के बजट में लिया गया था प्रस्ताव, फिर भी आज तक नहीं मिली मंजूरी
केशकाल/विश्रामपुरी । पत्रिका लुक (पत्रिका लुक)
कोण्डागांव ज़िले के बड़ेराजपुर ब्लॉक अंतर्गत पीढ़ापाल से पिटीसपाल तक जाने वाला मार्ग आज भी बदहाली की मार झेल रहा है। दो वर्ष पूर्व इस सड़क का प्रस्ताव बजट में शामिल किया गया था, लेकिन अब तक स्वीकृति न मिलने से ग्रामीणों में गहरी नाराज़गी है।
ग्राम पीढ़ापाल की सरपंच अनिता शोरी ने बताया कि सड़क नहीं बनने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की यात्रा में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूल, अस्पताल और साप्ताहिक बाज़ार तक पहुँचना मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में यह मार्ग पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप पड़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि “सरकार ने बजट में सड़क को शामिल तो किया, लेकिन आज तक फाइल मंज़ूरी के इंतज़ार में अटकी हुई है।” इस कारण आम जनता में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है।
सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए सरपंच अनिता शोरी, सरपंच प्रतिनिधि मन्नूराम शोरी, वार्ड पंच रोमेश नेताम, राजेश मरकाम, परदेशी नेताम, सहानु मरकाम, सोनाऊ मरकाम, बंदु मरकाम, घसिया मरकाम और पुरुषोत्तम मरकाम सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन